प्रश्न 1. जर्मनी का एकीकरण कब और कैसे हुआ? अथवा ऑटो वाॅन बिस्मार्क को जर्मनी के एकीकरण का जनक क्यों कहा जाता है? दो कारण लिखिए। [2020] अथवा जर्मनी के एकीकरण में सबसे महत्त्वपूर्ण योगदान किसका था? जर्मन राष्ट्र का प्रथम सम्राट कौन घोषित किया गया?

उत्तर : बिस्मार्क जर्मनी के महान पुत्रों में से एक था। जर्मनी के एकीकरण में बिस्मार्क का महत्त्वपूर्ण योगदान था। इसे जर्मनी के एकीकरण का जनक भी कहा जाता है। उसने प्रशा के प्रधानमन्त्री के रूप में जर्मनी का एकीकरण किया। बिस्मार्क ने ‘रक्त और लौह’ की नीति अपनाकर सर्वप्रथम श्लेसविग तथा होलस्टीन के प्रशासन पर नियन्त्रण स्थापित किया, फिर ऑस्ट्रिया को सेडोवा के युद्ध (सन् 1866) में पराजित करके उसने जर्मन राज्यों को उसके प्रभाव से मुक्त करा लिया। तत्पश्चात् बिस्मार्क ने सीडान के युद्ध में फ्रांस के सम्राट नेपोलियन तृतीय को पराजित करके जर्मनी का एकीकरण पूर्ण कर दिया। 18 जनवरी 1871 को प्रशा सम्राट विलियम प्रथम महान को जर्मन साम्राज्य का प्रथम सम्राट घोषित किया गया। सन् 1871 में बिस्मार्क जर्मन साम्राज्य का प्रधानमन्त्री बना। सन् 1890 में जर्मन सम्राट कैसर विलियम द्वितीय से मतभेद हो जाने के कारण बिस्मार्क ने त्यागपत्र दे दिया। 31 जुलाई, 1898 को 83 वर्ष की आयु में बिस्मार्क की मृत्यु हो गई।

Scroll to Top